महिला मंडल की नई अध्यक्ष चुनी गईं ऊषा तातेड़; तपस्वियों व मेधावी बच्चों का सम्मान हुआ
बेंगलुरु में सीवांची मालाणी तेरापंथ संघ ने वीरडेंसी रिसॉर्ट में अपना वार्षिक स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर संघ की गतिविधियों की जानकारी दी गई और तपस्वियों तथा मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया। समारोह में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। महिला मंडल ने इन खेलकूद प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं को कुशलतापूर्वक संभाला। कार्यक्रम के दौरान, संघ अध्यक्ष महेंद्र कुमार बगरेचा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों का अभिनंदन करते हुए स्नेह मिलन जैसे आयोजनों को समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया। संघ के मंत्री रमेश सालेचा ने संघ द्वारा की गई विभिन्न गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।






