विदेश मंत्री एस जयशंकर इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंच गए हैं। उन्होंने गर्मजोशी से स्वागत के लिए राज्य मंत्री बेरहनु त्सेगये का धन्यवाद किया। जयशंकर अदीस अबाबा में क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों के सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरे का उद्देश्य अफ्रीकी देश के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जयशंकर इस दौरान इथियोपिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। यह दौरा अफ्रीकी देशों के साथ भारत की साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जयशंकर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी इथियोपिया यात्रा की जानकारी देते हुए लिखा, "नमस्ते अदीस अबाबा! इथियोपिया पहुंचकर खुशी हुई। " उन्होंने कहा कि वह सार्थक बातचीत के जरिए भारत और इथियोपिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं। इससे पहले, गुरुवार को जयशंकर ने इथियोपिया के विदेश मंत्री गेदियोन टिमोथेवोस हेसेबोन को उनके पद पर दोबारा नियुक्ति के लिए बधाई दी थी। जयशंकर ने आशा व्यक्त की थी कि वे जल्द ही उनसे मिलकर भारत और इथियोपिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "इथियोपिया के विदेश मंत्री के रूप में दोबारा नियुक्ति पर गेदियोन टिमोथेवोस हेसेबोन को बधाई। " उन्होंने आगे कहा, "भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए जल्द मुलाकात का इंतजार है। " यह यात्रा ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की एकजुटता को भी मजबूत करेगी। जयशंकर की यह यात्रा अफ्रीका के साथ भारत के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
समाचार
जयशंकर इथियोपिया पहुंचे, सम्मेलन की करेंगे अध्यक्षता
9 अक्टूबर 2026 को 10:50 pm बजे



