ओमानी पायलट की साजिश थी कि वह विमान को इस्राइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे से टकराए
इस्राइल 150 से ज्यादा अपने नागरिकों को लेकर उड़ रहे फ्लाईदुबई के विमान को मार गिराने के लिए तैयार था। सीबीएस न्यूज ने इस मामले की जांच से जुड़ी सीधी जानकारी रखने वाले दो इस्राइली सूत्रों के हवाले से बताया कि इस्राइल के पास इस किस्म की संभावित 9/11 जैसी घटना के लिए एक प्रक्रिया है, जिसका लंबे समय से अभ्यास किया गया है। यह एक ऐसा फैसला होता जो इतिहास में दर्ज हो जाता, यानी अपने ही नागरिकों से भरे विमान को मार गिराना, लेकिन प्रोटोकॉल यही कहता है कि बड़े नुकसान को रोकने के लिए यह दर्दनाक विकल्प सक्रिय रखा जाता है। ओमानी पायलट हमाम अल-हम्मामी की शुरुआती साजिश विमान को इस्राइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे से टकराने की थी, लेकिन अगर वहां नाकाम रहता तो उसका अगला निशाना जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डा था। यह घटना तब घटी जब विमान इस्राइल की तरफ बढ़ रहा था और 14,000 फीट नीचे आते ही इस्राइली वायुसेना ने कॉकपिट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर लड़ाकू विमान रवाना किए गए और इस्राइल का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया। सीबीएस न्यूज के अनुसार, अगर फ्लाइट 1073 एक निश्चित दूरी के भीतर आ जाती तो इस्राइल जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में अपने लड़ाकू विमान भेजता। इस्राइली लड़ाकू पायलट कॉकपिट के जितना करीब हो सके, पहुंचते और पायलट को देख पाने और स्थिति का आकलन कर पाने की कोशिश करते। फिर वे केबिन की भी उसी तरह जांच करते और यात्रियों की स्थिति देखते। अगर यात्रियों में घबराहट दिखती तो उसके निष्कर्ष वायुसेना और जांच समिति को भेजे जाते। अगर यह तय हो जाता कि विमान हाईजैक हो गया है, हाईजैकरों ने रेडियो साइलेंस बनाए रखी है और कोई मांग नहीं रखी है, तो समिति रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को एक कॉल पर जोड़ती। प्रोटोकॉल के अनुसार इस्राइल की तरफ बढ़ रहे किसी भी विमान को आसमान में ही मार गिराने का प्रावधान है, लेकिन यह फैसला सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री ही ले सकते थे। इस्राइली मीडिया वाईनेट ने जांच के निष्कर्षों के हवाले से बताया कि ओमानी पायलट हमाम अल-हम्मामी की शुरुआती साजिश विमान को इस्राइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे से टकराने की थी। अल-हम्मामी ने जांचकर्ताओं से कहा, "मैंने खोजा और जांचा कि कौन-सी कंपनी तेल अवीव जाती है और इसीलिए मैंने फ्लाईदुबई को चुना।




