रिश्तों में अपनी गलती मान लेना चरित्र की ऊँचाई दिखाता है, जिससे विश्वास बढ़ता है
रिश्तों में विश्वास और आत्मीयता बनाए रखने के लिए अपनी गलतियों को स्वीकार करना बेहद ज़रूरी है। जब कोई व्यक्ति अपनी कमियों को स्वीकार करता है, तो वह आत्म-सुधार की दिशा में पहला कदम बढ़ाता है, जिससे उसका चरित्र और ऊंचा उठता है। यह स्वीकार्यता न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि दूसरों के साथ संबंधों को भी मजबूत करती है। यदि कोई अपना या करीबी व्यक्ति हमारी किसी कमी की ओर ध्यान दिलाता है, तो उसे तुरंत आलोचना या अपमान के रूप में नहीं लेना चाहिए। यदि वह व्यक्ति हमारे हित की भावना से, सही शब्दों और आत्मीयता के साथ हमारी भूल बताता है, तो उसकी बात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। संभव है कि वह हमें वह कमी दिखा रहा हो जिसे हम स्वयं नहीं देख पा रहे हैं। दूसरों की गलतियाँ बताना भी एक कला है; सत्य बोलना आवश्यक है, पर सत्य को कहने का तरीका उससे भी अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है।




