ऋण पुस्तिका, आवास किस्त, आगजनी व ट्रांसफार्मर की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए
बिलासपुर जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई और एडीएम शिवकुमार बनर्जी ने भी उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का निराकरण किया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने विभिन्न व्यक्तिगत और सामुदायिक शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बेलगहना तहसील के ग्राम कोनचरा निवासी धनबाई गंधर्व ने तहसीलदार द्वारा ऋण पुस्तिका प्रदान करने में की जा रही आनाकानी के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि ऋण पुस्तिका के लिए वे कार्यालय के कई चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उन्हें यह अभी तक नहीं मिली है। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को निर्देश दिए कि वे तत्काल धनबाई गंधर्व को ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराएं। सिरगिट्टी निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवास की अंतिम किस्त का भुगतान दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वार्ड कार्यालय और नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है और न ही इसका कोई लिखित कारण बताया गया है। साहू ने अंतिम किस्त जारी करने की मांग की। ग्राम बोडसरा के किसानों ने गांव के अस्पताल के पास स्थित ट्रांसफार्मर के पिछले एक महीने से खराब होने की जानकारी दी। किसानों ने बताया कि जेई बरतोरी और एई बिल्हा को कई बार सूचना देने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से कृषि पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पेयजल की समस्या के साथ-साथ धान की फसल भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 10 निवासी रामचरण कैवर्त ने आगजनी की घटना में हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी 2026 की रात करीब 11.30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण उनके घर और दुकान में भीषण आग लग गई थी। कैवर्त ने करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी देते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की। जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम परसदा के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि खारून नदी को कुछ लोगों द्वारा राखड़ से पाटा जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे पर्यावरण की दृष्टि से नुकसानदेह बताते हुए इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभाग प्रमुखों को भेजते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा और उसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। यह साप्ताहिक जनदर्शन लोगों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दौरान प्राप्त विभिन्न आवेदनों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



