अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में आईपीएल सितारों से सजी भारतीय टीम 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले आगामी हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में उतरेगी। छह खिलाड़ियों वाले इस तेजतर्रार फॉर्मेट के लिए भारत ने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण तैयार किया है। शशांक सिंह को छोड़कर टीम के बाकी सभी खिलाड़ी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में मैदान पर एक समय सिर्फ छह खिलाड़ी होते हैं, लिहाजा यहां बल्लेबाजों को पारी जमाने का ज्यादा वक्त नहीं मिलता। यही वजह है कि टीम में ऐसे खिलाड़ियों को तरजीह दी गई है, जो कम गेंदों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। भुवनेश्वर कुमार अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल अनुभव के साथ नई गेंद से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम में क्रुणाल पंड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी। नटराजन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। क्रुणाल पंड्या बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने वाले उपयोगी ऑलराउंडर हैं। नीतीश राणा की आक्रामक बल्लेबाजी भारत को शीर्ष क्रम में तेजी देगी, जबकि शशांक सिंह और राहुल तेवतिया फिनिशर की भूमिका में कम गेंदों में बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं। राहुल त्रिपाठी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी। नटराजन टीम के गेंदबाजी आक्रमण में विविधता जोड़ेंगे। क्रिकेट हॉन्गकॉन्ग, चीन के मार्केटिंग एवं कमर्शियल निदेशक अनुराग भटनागर ने भारतीय टीम के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट अधिकारियों के सहयोग से इस टीम को तैयार किया गया है। उन्होंने इसे हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस के इतिहास में भारत की सबसे मजबूत टीमों में से एक बताया और उम्मीद जताई कि इससे टूर्नामेंट की दर्शक संख्या को बड़ा फायदा मिलेगा। भारत पिछले साल भी हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में उतरा था। पाकिस्तान 2026 संस्करण में डिफेंडिंग चैम्पियन के तौर पर उतरेगा।
समाचार
आईपीएल सितारों से सजी भारतीय टीम हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में उतरेगी
6 अक्टूबर 2026 को 12:32 am बजे

आईपीएल सितारों से सजी भारतीय टीम हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस में उतरेगी
साझा करेंWhatsApp



