सेंसेक्स 879 अंक की बढ़त के साथ 72,472 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 289 अंक चढ़कर 22,520 पर पहुंचा
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मजबूत तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार में यह उछाल वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और घरेलू खरीददारी के हावी रहने से आया। पिछले दो दिनों से बाजार में रही गिरावट के बाद आई इस बढ़त से निवेशकों के चेहरे खिल उठे। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 879 अंक बढ़कर 72,472 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 289 अंक ऊपर आकर 22,520 के स्तर पर पहुंच गया। आज कुल 2,344 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 1,686 शेयरों में गिरावट रही। बाजार में उतार-चढ़ाव को दर्शाने वाला इंडिया विक्स 6.0 फीसदी नीचे आकर 14.00 के करीब आ गया। सेक्टरवाइज प्रदर्शन की बात करें तो आज लगभग सभी प्रमुख इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा 3.02 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा, निफ्टी एफएमसीजी में 2.25 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.62 फीसदी, और निफ्टी सर्विसेज में 1.79 फीसदी का उछाल आया। आज आईटी और एफएमसीजी शेयरों में विशेष रूप से भारी तेजी देखी गई। मिडकैप इंडेक्स 1.46 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.55 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।




