स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार के सदस्यों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बिलासपुर के महामाया खादी आश्रम में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण के बाद ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर खादी, स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने गांधी के स्वदेशी और खादी के विचारों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया। वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ आगे बढ़ऩे की बात कही। इससे राष्ट्र की आर्थिक शक्ति मजबूत होगी और स्थानीय उत्पादकों को भी बढ़ावा मिलेगा। सेनानी उत्तराधिकारी परिवार की अध्यक्ष शकुंतला जितपुरे ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी को स्वतंत्रता आंदोलन का आधार बनाया था। उन्होंने स्वदेशी को वैचारिक और व्यावहारिक विषय बताते हुए कहा कि यह व्यक्ति में स्वाभिमान और स्वराष्ट्र का बोध कराता है।
समाचार
सेनानी परिवार ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, दिलाई खादी-स्वच्छता की शपथ
4 अक्टूबर 2026 को 12:00 am बजे



