घटना 23 सितंबर को हुई, पुलिस ने 1 अक्टूबर को मामला दर्ज किया
कोटा पुलिस ने पर्यटन स्थल कोरी डैम में पर्यटकों से बैग और मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 23 सितंबर को कोरी डैम में पर्यटकों से लूटपाट की थी। इस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और प्रार्थिया ने 1 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 841/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी और विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि नाका चौक, कोटा में तीन संदिग्ध स्कूटी से घूमते हुए मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकडकर थाना लाया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 23 सितंबर को कोरी डैम में पर्यटकों से बैग और मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया अपने साथियों के साथ 23 सितंबर 2026 को बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। बैंक का काम पूरा होने के बाद सभी घूमने के लिए कोरी डैम पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे और कथित तौर पर प्रार्थिया के साथी के साथ मारपीट करते हुए उसका बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।




