पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में आतंकवाद-विरोधी अभियान के तहत 3 आतंकियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ की गई, जो देश की सरकार और सेना के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन चुका है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर सेना ने इन आतंकियों को ट्रैक कर मौत के घाट उतारा। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने इस सफलता की जानकारी दी है। आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में टीटीपी लगातार हमलों को अंजाम देता रहता है। इस संगठन का मुख्य निशाना सेना, पुलिसकर्मी और सरकारी अधिकारी होते हैं, लेकिन आम नागरिक भी सुरक्षित नहीं हैं। प्रांत की सीमा अफगानिस्तान से सटी होने के कारण अफगान तालिबान भी टीटीपी को लगातार मदद मुहैया कराता है, जिससे उसकी गतिविधियां और बढ़ जाती हैं। पाकिस्तान में आतंकवाद की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने सेना को सैन्य अभियान तेज करने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सुरक्षाबलों के अभियानों को आतंकवाद के नेटवर्क को खत्म करने में बेहद अहम बताया है और समय-समय पर उनकी सराहना भी की है। सरकार और सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकियों का सफाया होने तक सैन्य अभियान जारी रहेगा, ताकि प्रांत में सामान्य स्थिति बहाल की जा सके। यह कार्रवाई पाकिस्तान की सेना के आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है।
समाचार
सेना ने 3 आतंकियों को मार गिराया
6 अक्टूबर 2026 को 12:32 am बजे

सेना ने 3 आतंकियों को मार गिराया



